प्रतिदिन लग रहा है वाहनों का जाम
(पब्लिक इशू)
Deoli News 8 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के कोटा रोड स्थित क्षतिग्रस्त सड़क का हिस्सा मानसून सत्र खत्म हो जाने के बाद भी अब तक दुरुस्त नहीं हुआ। जिसका खामियाजा यहां से गुजरने वाले लोगों को रोजाना असुविधा के रूप में उठाना पड़ रहा है। जबकि यह हालत बारिश शुरू होने से पहले जुलाई माह के बने हैं।
वही यहां से गुजरते लोग, बसों के यात्री, क्षेत्रवासी शासन व प्रशासन को कोस रहे हैं। लेकिन लोकतांत्रिक सरकारों में आमजन को मूलभूत सुविधा के लिए भी मोहताज होना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि शहर के कोटा रोड जोधाणा होटल अजमेर कोटा बाईपास तिराहे पर करीब 50 मीटर का हिस्सा बेहद क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क का उक्त हिस्सा पूरी तरह बेडौल एवं गड्डों में तब्दील हो गया है। जहां से गुजरते वक्त वाहन झूलते व हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं। क्षतिग्रस्त सड़क की वजह से वाहन चालकों को रफ्तार धीमी करनी पड़ती है। नतीजन तीन दिशाओं से आने वाले वाहनों के दबाव के चलते यहां दिन में कई मर्तबा जाम लगता है। यह जाम अब तक दर्जनों बार अजमेर दिशा की ओर नाना होटल तक एवं कोटा की ओर चिंताहरण बालाजी तक पहुंच जाता है।
जिसका खुलासा करने में हनुमान नगर पुलिसकर्मियों को भी मशक्कत करनी पड़ती है। वही यह काम एक दिन का हो तो चलता है। लेकिन यह स्थिति यहां प्रतिदिन देखने को मिलती है। यह हिस्सा यूं तो शाहपुरा जिले में आता है। लेकिन इस ओर वहां का शासन एवं प्रशासन ध्यान दे रहा है और ना ही देवली का प्रशासन। अलबत्ता परेशानी तो केवल आमजन को उठानी पड़ रही। खास बात यह है कि उक्त मार्ग से कई बार उपमुख्यमंत्री, मंत्री व प्रतिदिन विधायक, अधिकारी गुजरते हैं। लेकिन आखिर उनका ध्यान इस ओर क्यों नहीं जाता, यह विचार लोगों के जहन में है।



