Deoli News 19 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दीपावली के त्योहारी सीजन में जब आम लोग खरीददारी और दुकानदारी में व्यस्त हैं, तब वाहन चोर भी इस मौके का फायदा उठाने लगे हैं।
शनिवार को देवली शहर के दो अलग-अलग इलाकों से दो मोटरसाइकिलें चोरी होने की घटना सामने आई है। इन घटनाओं को देखते हुए आम जन को अत्यधिक सावधान रहने की जरूरत है, नहीं तो उन्हें भी चोरी की चपत लग सकती है। जानकारी के अनुसार ममता सर्कल क्षेत्र से एक बाइक चोरी हुई।
यह बाइक ज्योति कॉलोनी निवासी बसंत कुमार जैन की है, जो खत्री एजेंसी पर काम करते हैं। बसंत जैन ने अपनी बाइक कार्यस्थल के पास खड़ी की थी। शाम 5 बजे जब उन्होंने देखा तो बाइक गायब थी। आसपास तलाश करने पर भी बाइक का कोई पता नहीं चला। इसी तरह जगदीश धाम के पास माखन डेयरी वाली गली में शनिवार शाम करीब 6:30 बजे एक और मोटरसाइकिल चोरी हो गई। यह बाइक रमेश चंद खाती निवासी पंडेर जहाजपुर की बताई जा रही है।
रमेश चंद खाती यहां किसी काम से आए थे, इस दौरान किसी ने उनकी बाइक चुरा ली। इस वारदात का संदिग्ध सीसीटीवी कैमरे में दिखा है। बसंत जैन ने अपनी बाइक चोरी होने के मामले की सूचना देवली थाने में दी है। त्योहारी सीजन में शहर में भीड़भाड़ बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाकर चोर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में लोगों को अपनी बाइकों को सुरक्षित जगह पर लॉक करने और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने चाहिए।



