मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट जब्त
Deoli News 19 अक्टूबर, (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में बढ़ रहे ध्वनि प्रदूषण को देखते हुए देवली पुलिस अब मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट और अन्य बाइकों पर सख्त कार्रवाई करने जा रही है।
थाना प्रभारी दौलत राम गुर्जर के निर्देश पर स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिसकर्मियों ने ध्वनि प्रदूषण करने वाली बाइकों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने रविवार को भी एक मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइक जब्त की। इससे पहले भी एक बाइक जब्त कर पुलिस ने उसे बाइक वर्कशॉप पर भेजा था, जहां उसका साइलेंसर खुलवाया गया।
देवली पुलिस शहर में घूमने वाली सभी मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बाइकों पर नजर रख रही है और मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। देवली थाना प्रभारी ने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे ऐसे मॉडिफाइड साइलेंसर वाले बाइक चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।



