गेट यथावत, तीसरे दिन भी खुले हैं बीसलपुर डेम के गेट
Deoli News 8 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के बीसलपुर बांध के रविवार को तीसरे दिन भी गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। लेकिन बांध परियोजना ने आवक घटने की वजह से निष्कासित किए जाने वाले पानी की मात्रा भी कम कर दी है।
बीसलपुर नियंत्रण कक्ष की सूचना के अनुसार बीगोद स्थित त्रिवेणी पर गेज 3.90 मीटर का चल रहा है। लिहाजा पानी की आवक कम होने के चलते डेम के गेट से 42 हजार 70 क्यूसेक पानी के निकासी की जा रही है। फिलहाल त्रिवेणी से 2 हजार 543 क्यूसेक एवं लोकल कैचमेंट एरिया से 39 हजार 527 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जो कुल 42 हजार 70 क्यूसेक है। लिहाजा इतना ही पानी गेट के माध्यम से छोड़ा जा रहा है। फिलहाल 7 से लेकर 12 नं गेट तक पानी की निकासी की जा रही है। इनमें केवल गेट संख्या 9 से 2 मीटर पानी की निकासी हो रही है। जबकि से सभी गेटों से एक-एक मीटर खोलकर पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि गत शुक्रवार को बीसलपुर बांध पूर्ण भराव के बाद गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है।



