Deoli News 30 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दशलक्षण पर्व पर देवली व आसपास के सभी मंदिरों में विभिन्न कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किए जा रहे हैं। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर पटेल नगर में भी विशेष आयोजन हो रहे हैं।
प्रवक्ता राजीव जैन ने बताया कि सुबह श्रद्धालु भक्तिभाव से मंदिर की विभिन्न प्रतिमाओं का अभिषेक और शांतिधारा करते हैं। इसके बाद विदुषी दीदी और प्रतिष्ठाचार्य कन्हैयालाल डोसी के मार्गदर्शन में श्रावक-श्राविकाएं सामूहिक रूप से सिद्धचक्र मंडल विधान की पूजा-अर्चना करते हैं। इस पूजा में श्रद्धालुओं ने झूमते-गाते हुए अपने पापों का नाश किया। वहीं शाम को भक्तिमय भजनों की धुन पर भगवान की आरती की जा रही हैं। आरती के बाद धर्म के मर्म को समझाते हुए शास्त्र सभा का आयोजन किया जाता है।
यहां श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, पटेल नगर में सेवानिवृत्ति जस्टिस नरेंद्र जैन, विमला जैन, डॉ. अनंत ने 5 किलोवाट का सोलर पैनल लगाने की घोषणा की है। मंदिर कमेटी पटेल नगर उनके इस पुण्य कार्य की अनुमोदना की।
नासिरदा में भी हुई पूजा
इसी तरह दसलक्षण महापर्व के तहत श्री पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर नासिरदा में भी समाज के लोगों द्वारा दसलक्षण पर्व मनाया जा रहा है। भाद्रपद शुक्ल सप्तमी शनिवार को नित्य नियम पूजा पाठ के साथ विशेष रूप से उत्तम आर्जव धर्म की पूजा की गई। बाबूलाल जैन द्वारा तत्वार्थ सूत्र की पूजा कराई गई। यहां उत्तम आर्जव धर्म का महत्व आचार्य ने बताया। मन वचन कार्य में एकरूपता होना ही उत्तम आर्जव धर्म है। प्रतिदिन की तरह सबसे पहले मुलनायक भगवान पार्श्वनाथ व आदिनाथ भगवान का कलश अभिषेक किया गया।
समाज के महामंत्री राजेश कुमार कटारिया ने बताया कि बोली के माध्यम से प्रथम अभिषेक व शांतिधारा दिनेश कुमार प्रकाश, मुकेश कुमार लावरिया एवं विमल कुमार, जयकुमार चौधरी द्वारा की गई। शाम को मंदिर में 48 दीपकों द्वारा भक्तांबर का पाठ एवं महाआरती का आयोजन किया गया।


