Deoli News 12 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में वांछित आरोपी दिलखुश पुत्र सौराज बलाई निवासी टीकड थाना हनुमान नगर को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी दौलतराम के अनुसार आरोपी पर दो बच्चों की मां को जबरन होटल में ले जाकर दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप है।
यह है पूरी घटना
पीड़िता ने रिपोर्ट पेश की थी कि आरोपी दिलखुश ने उसे फोन कर धमकी दी कि यदि वह उससे मिलने होटल नहीं आई तो वह उसके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो वायरल कर देगा। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को जयपुर रोड स्थित होटल ले जाकर कमरे में बंद कर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीड़िता को पूर्व में भी काम के बहाने भीलवाड़ा ले जाकर एक किराए के कमरे में बंधक बनाकर दुष्कर्म किया था। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता को जबरन कोर्ट में ले जाकर लिव-इन रिलेशनशिप का इकरारनामा भी हस्ताक्षरित करवाया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई
एसपी टोंक विकास सागवान के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम बेनीवाल और उपअधीक्षक रामसिंह के मार्गदर्शन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। बाद में पता चला कि आरोपी भीलवाड़ा के इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी कर रहा है, जहां से पुलिस ने उसे डिटेन कर गिरफ्तार किया।
आरोपी की शातिराना हरकतें
आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए छद्म वेश में मजदूरी करना शुरू कर दिया था और आम जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के सामने से आने-जाने से बचता था। वह मुंह पर कपड़ा बांधकर रखता था, ताकि उसकी पहचान न हो सके।


