नापाकाखेड़ा स्थित पुलिया की घटना, शव बाहर निकाला
Deoli News 24 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के नापाकाखेड़ा स्थित बनास नदी की पुलिया में बुधवार सुबह एक महिला ने नदी में कूद कर अपने जीवन लीला समाप्त कर ली। ऐसे में नेगडिया व नापाकाखेड़ा पुलिया अब सुसाइड पॉइंट बनती जा रही है।
यहां दोनों बनास नदी की पुलिया पर अब तक एक दर्जन महिला व पुरुष नदी में कूद कर अपनी जान दे चुके हैं। ग्रामीणों की जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 6 बजे इस महिला ने नापाकाखेड़ा की ओर से बनास नदी में पुलिया से छलांग लगा दी। दरअसल इस दरमियान आसपास मूंग के खेतों में किसान पिलाई कर रहे थे। वही नदी में नाव भी चल रही थी। लोग महिला को पुलिया पर खड़ा होते हुए देख ही रहे थे कि उसने नदी में छलांग लगा दी। आनन फ़ानन में आसपास के किसान तथा नाविक महिला को बचाने के लिए नदी में कूदे। लेकिन इससे पहले महिला की डूबकर मौत हो गई।
नाविकों ने महिला को पानी से बाहर निकाला तथा किनारे पर ले गए। ग्रामीण ने बताया कि महिला की उम्र करीब 40 से 50 वर्ष के बीच दिखाई दे रही है। महिला ने ग्रामीण पोशाक लहंगा व लुगड़ी पहनी है। वही प्राथमिक तौर पर यह अनुमान सामने आया कि महिला सावर थाना क्षेत्र की है। हालांकि पुलिस को सूचना दी जा चुकी है। लेकिन महिला की पहचान नहीं हुई है। उधर, बनास नदी किनारे ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई है। पुलिस के आने के बाद ही मृतका की पहचान हो सकेगी। लेकिन बनास नदी व नापाकाखेड़ा पुलिया अब जानलेवा साबित होने लगी है। जहां डिप्रेशन व अवसाद से ग्रसित लोग अपनी जान देने लगे हैं। यह महिला का मामला भी स्पष्ट तौर पर आत्महत्या नजर आ रहा है।




