पीएम श्री दूनी में “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान को दी गति
Deoli News 8 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दूनी में पूर्व कृषि मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुलाल सैनी ने गुरुवार को देवली नगर पालिका अध्यक्ष नेमीचंद जैन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अशोक का पौधा लगाया।

पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी एवं प्रधानाचार्य भंवर लाल कुम्हार ने बताया कि पूर्व मंत्री सैनी ने कहा कि वृक्ष देवतुल्य होते हैं और ये धरती का श्रृंगार हैं। हमें आधिकाधिक पौधारोपण कर इनके संरक्षण की भी व्यवस्था करनी होगी। सैनी ने कहा कि यह विद्यालय पूरे राजस्थान में हरियाली की एक नजीर पेश करता है। जिसका सभी संस्थाओं को अनुसरण करना चाहिए।
विज्ञान और कृषि संकाय में पद स्वीकृति के लिए सौंपा ज्ञापन
यहां पूर्व कृषि मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी को विद्यालय स्टाफ, एसएमसी, एसडीएमसी सदस्य एवं नागरिकों ने कृषि एवं विज्ञान विषय में पद स्वीकृत करवाने एवं पद स्थापन के लिए ज्ञापन सौपा। सैनी ने प्रमुख शासन सचिव वित्त अखिल अरोड़ा, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक सीताराम मीणा, माध्यमिक शिक्षा निदेशक आशीष मोदी से फोन पर बात की। इसके बाद सैनी ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को भी लोगों की मांगों से अवगत कराया। जिस पर शीघ्र निस्तारण का आश्वासन मिला। पूर्व मंत्री सैनी ने अक्षय पेटिका का मंगाकर 1100 की राशि डाली और कहा कि शिक्षा दान ही महादान है।
पूर्व मंत्री को विद्यालय की शिक्षिकाओं ने रक्षा सूत्र बांधकर स्वागत किया। सैनी का माला, साफा, स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया। इस दौरान देवली नगरपालिका अध्यक्ष नेमीचंद जैन, प्राथमिक माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री प्रमोद स्वर्णकार, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष ओमप्रकाश रोझ, युवा मोर्चा देवली के मनोज शर्मा, सुरेंद्र सिंह नरूका, पेंशन समाज के अध्यक्ष प्रेमचंद राजोरा, सुशील बज, पंकज गोखरू, सुरेंद्र सिंह शेखावत, मनीषा जैन आदि उपस्थित थे।


