एक महीने से चल रहा था कार्य बहिष्कार
Deoli News 8 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अभिभाषक संघ देवली के द्वारा गत 8 जुलाई से कार्य बहिष्कार किया जा रहा था, जो शुक्रवार को उपखंड अधिकारी रुबी अंसार की सकारात्मक पहल व अभिभाषक संघ की सभी मांगे माने पर अधिवक्ताओं ने खत्म किया।
इस दौरान जनरल मीटिंग बुलाकर सर्व सहमति से कार्य बहिष्कार वापस लिया गया। इसे लेकर उपखंड अधिकारी रुबी अंसार को सभी अधिवक्ताओं ने पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया और बहिष्कार खत्म किया। बार अध्यक्ष रामधन चौधरी ने बताया कि एसडीओ कोर्ट में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में पूर्व उपखंड अधिकारी के समय से अधिवक्ता कार्य बहिष्कार पर चल रहे थे। बार संघ देवली की ओर से गत 8 जुलाई से एसडीओ कोर्ट का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया था। तत्कालीन उपखंड अधिकारी का ट्रांसफर होने व रीडर, पीए को अन्यत्र लगाए जाने पर अधिवक्ताओं ने संपूर्ण कार्य बहिष्कार वापस ले लिया है।



