नाश्ता करने उतर था चालक, आर्टिफिशियल फ्लावर जलकर हुए खराब
Deoli News 5 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के स्टेट बैंक चौराहे के समीप सोमवार सुबह एक बार फिर मारुति ईको कार आग की भेंट चढ़ गई। हालांकि यह हादसा इस बार शॉर्ट सर्किट से हुआ था। लेकिन भीतर से यह कार जलकर खराब हो गई।
जबकि कार चालक बाहर नाश्ता करने गया हुआ था। सूचना पर देवली नगर पालिका के दमकल कर्मचारी दिनेश एवं नीरज चौधरी समेत पहुंचे और आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार यह एक कार शादी पार्टियों में आर्टिफिशियल फ्लावर डेकोरेशन का काम करने वाले महेश पुत्र घीसालाल सैनी निवासी अंबापुरा चला रहा था, जो जहाजपुर किसी शादी समारोह से फ्लावर डेकोरेशन का काम कर फ्लावर का माल भरकर वापस लौट रहा था।
इस बीच स्टेट बैंक के सामने जोधपुर मिष्ठान भंडार के यहां वह कचोरी खाने के लिए उतरा। इस दौरान दुकान के बाहर खड़ी मारुति ईको में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। कार से धुंआ उठने लगा और अंदर आग फैल गई। यहां जोधपुर मिष्ठान भंडार के श्याम सिंह ने वाटर कूलर के पानी से आग बुझाने की कोशिश से शुरू की। वहीं लोगों ने दमकल को सूचना दी।
सूचना पर दमकल ने पहुंचकर तत्काल आग पर काबू पाया। उक्त हादसे में कार में रखें फ्लावर जलकर खराब हो गए। वहीं लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर देवली थाना पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक भी मौके पर पहुंचे। उल्लेखनीय है कि गत 20 अप्रैल को मुख्य बाजार स्थित सत्यनारायण सिंहल की मारुति ईको कार भी जलकर पूरी तरह जल चुकी थी। यह कार गांधी पार्क के समीप खड़ी थी।
प्रीवियस न्यूज़-: गत 20 अप्रैल की न्यूज़
वीडियो देखे : खड़ी मारुति ईको कार भभकी, आग के गोले में तब्दील


