बाजारों और प्रतिष्ठानों को सजाने पर मिलेगा सम्मान, नगरपालिका में निःशुल्क होगा पंजीयन
Deoli News 6 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दीपावली पर्व पर शहर की सुंदरता और बाजारों की रौनक बढ़ाने के उद्देश्य से नगरपालिका की ओर से बाजार एवं भवन सौन्दर्यकरण प्रतियोगिता-2026 आयोजित की जाएगी।
नगर पालिका ईओ अमरचंद गुर्जर ने बताया कि नगरपालिका अध्यक्ष कजोडी देवी के निर्देशानुसार आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में सबसे सुंदर ढंग से सजाए गए बाजार, व्यक्तिगत भवन और प्रतिष्ठानों का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। बाजार की ओर से सामूहिक रूप से एक ही पंजीयन करवाना होगा। वहीं व्यक्तिगत भवन एवं प्रतिष्ठानों के लिए मालिक को अपने नाम से पंजीयन करवाना होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नगरपालिका देवली में निःशुल्क पंजीयन किया जाएगा।
प्रतियोगिता के लिए नगरपालिका की ओर से गठित निर्णायक मंडल विजेताओं का चयन करेगा। बाजार एवं व्यक्तिगत भवन-प्रतिष्ठानों की श्रेणी अलग-अलग रखी गई है। विजेताओं को स्थाई शिल्ड, प्रतिवर्ष परिवर्तनशील चल शिल्ड और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
26 जनवरी को होगा पुरस्कार वितरण
प्रतियोगिता के विजेताओं को आगामी 26 जनवरी को अटल उद्यान (दशहरा मैदान) में आयोजित सामूहिक कार्यक्रम के दौरान पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। नगर पालिका की इस पहल से दीपावली पर शहर के बाजारों और प्रतिष्ठानों में आकर्षक सजावट को बढ़ावा मिलेगा। निर्णायक मंडल का गठन प्रतियोगिता में विजेताओं के चयन के लिए नगरपालिका की ओर से सात सदस्यीय निर्णायक मंडल गठित किया गया है।

इसमें पार्षद विनोद साहू, दिनेश जैन, सौरभ जिंदल एवं सुमित्रा सेन, संजय सिंहल एवं रमेश चाष्टा तथा नगरपालिका प्रतिनिधि महमूद अली को शामिल किया गया है। निर्णायक मंडल द्वारा बाजारों एवं व्यक्तिगत भवनों और प्रतिष्ठानों का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया जाएगा।


