Deoli News 11 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी कस्बे में बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े दो अलग-अलग जगहों से दो मोटरसाइकिलें चोरी की वारदात कर डाली।
पहली वारदात कस्बे के घाड दरवाजा क्षेत्र में हुई, जहां मुकेश चौपदार के घर के बाहर खड़ी बाइक को अज्ञात चोरों ने दोपहर करीब एक बजे निशाना बनाया। उस वक्त घर के सदस्य अंदर ही थे, लेकिन चोरों ने बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम दिया। वहीं दूसरी वारदात मुख्य बाजार में हुई, जहां शंकर लाल गुर्जर अपनी बाइक खड़ी कर किसी काम से गए थे, जिसे चोरों ने पार कर लिया। हैरानी की बात यह रही कि चोर शंकर लाल की बाइक को करीब 10 किलोमीटर दूर घाड क्रेशर के पास जंगल में लावारिस हालत में पटक कर फरार हो गए, जो बाद में बरामद कर ली गई। हालांकि, मुकेश चौपदार की मोटरसाइकिल का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
दिनदहाड़े हुई इन वारदातों से स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में नाराजगी है। लोगों ने कस्बे में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।


