तेजाजी प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम सम्पन्न
Deoli News 18 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर क्षेत्र के नेवरबाग क्षेत्र स्थित पुराने धाम पर श्रीसत्यवादी वीर तेजाजी महाराज की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शनिवार को मुख्य अतिथि विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि धार्मिक आयोजन से आपसी प्रेम और सौहार्द बढ़ता है।
विधायक मीणा ने कहा कि अति शीघ्र ही विधायक कोष से तेजाजी महाराज के स्थान पर छाया की व्यवस्था करवाई जाएगी। शुक्रवार रात्रि को भजन संध्या व अलगोजा कार्यक्रम हुआ, जिसमें देर रात्रि तक श्रद्धालु भजनों का आनंद लेते रहे। इसी तरह शनिवार सुबह सवा 7 बजे पं श्रवण कुमार शर्मा विधिवत पूजा अर्चना के साथ तेजाजी महाराज की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा करवाई। अपरान्ह 3 बजे से भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
विधायक के समक्ष पानी व सड़क निर्माण की मांग की
नेवर बाग बालाजी सहित आसपास के लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचे विधायक गोपीचंद मीणा के समक्ष पानी व सड़क निर्माण की मांग रखी। जिस पर विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि उन्होंने ज्योति कॉलोनी एवं जैन कॉलोनी में सड़क की मंजूरी दिलवा दी है। जल्द ही क्षेत्र की प्रमुख सड़क का निर्माण भी करवा देंगे।
इस दौरान लोगों पीने के पानी की समस्या बताते हुए कहा कि आप चाहे चंबल परियोजना से पानी दिलवाएं या देवली जलदाय विभाग से, लेकिन पानी की समस्या का समाधान करवाएं। जिस पर विधायक ने कहा कि अधिकारियों से बात कर समस्या समाधान की कोशिश करेंगे। इस दौरान गाडोली मंडल अध्यक्ष बृजराज सिंह खींची, रामकुमार मीणा बाबा, टीकड़ के पूर्व सरपंच मदन गोपाल मीणा, आनंदी लाल मीणा, गोविंद सेन, रामदेव, शांतिलाल समेत कई मौजूद थे।



