15 अगस्त को पहुंचेंगे श्रद्धालु
Deoli News 11 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्री चारभुजा प्रभात फेरी मंडल की ओर से आयोजित श्रीकल्याण जी पदयात्रा रविवार सुबह धूमधाम के साथ डिग्गीपुरी के लिए रवाना हुई।
पदयात्रा समिति अध्यक्ष हरिमोहन हल्दिया ने बताया कि इससे पहले सुबह 7 पदयात्रियों ने शहर के छतरी चौराहा स्थित भगवान शिव मंदिर में पूजा अर्चना कर यात्रा से कुशल लौटने की कामना की। पदयात्रा मुख्य बाजार, पुलिस थाना होते हुए बावड़ी बालाजी स्थित मंदिर पहुंची। जहां पदयात्रियों ने दर्शन किए। इसी तरह बैंडबाजा व ढोल की थाप पर नाचते गाते पदयात्री गायत्री मंदिर, नीलकंठ महादेव मंदिर से दर्शन करवाना हुए। पदयात्रियों को उनके परिजनों ने शहर के बाहर तक जाकर विदाई दी। शहर के मुख्य मार्ग पर कई जगह पर इन पदयात्रियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया औऱ इन्हें फल दिए। यात्रा में आगे ध्वजारोही चल रहे थे। उन्होंने बताया कि पदयात्रा का पहला पड़ाव रविवार राज रावता माताजी मंदिर है। इसके बाद 12 को टोडारायसिंह, 13 को मोर, 14 को मालपुरा एवं 15 अगस्त को डिग्गी पहुंचकर पदयात्रा ध्वज अर्पित करेंगे। इस बार 350 से अधिक पदयात्री डिग्गीपुरी के लिए रवाना हुए हैं। इस दौरान नारायण कंछल, छीतर सिंह नाथावत, चौथमल खत्री, श्यामलाल पारीक, शंकर मंगल, महावीर सिंह राठौड़, गिरिराज गौतम, विनोद शर्मा समेत शामिल थे।
मंगलवार को रवाना होगी कोटडी श्याम पदयात्रा
शहर से जाने वाली कोटडी श्याम पदयात्रा 13 अगस्त सुबह गाजे बाजे के साथ रवाना होगी। राकेश दीया व रामस्वरूप टाक ने बताया कि पदयात्रा 13 अगस्त सुबह 9:15 बजे देवली स्थित श्रीचारभुजानाथ मंदिर से पूजा अर्चना के बाद रवाना होगी। पहला विश्राम इसी दिन रात को जहाजपुर में होगा। जबकि 14 अगस्त को रोपा, 15 अगस्त को बीरधौल व 16 अगस्त को यह पदयात्रा पहुंचकर सुबह 9:15 बजे शोभायात्रा के रूप में ध्वज अर्पण करेगी। उन्होंने बताया कि पदयात्रा को लेकर तैयारी जारी है।



