समय रहते नहीं चेते तो हो सकती है परेशानी
Deoli News 29 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली गांव के धौलाई सागर तालाब की पाळ नाजुक स्थिति में है, जो अबकी बारिश में अधिक पानी आने से टूट सकती है। गत वर्ष भी तेज बारिश से यह पाळ टूट गई थी।
जिसे मिट्टी के कट्टे लगाकर दुरुस्त किया गया था। धौलाई सागर में देवली शहर का पूरा पानी आता है, जिसकी भराव क्षमता कई फीट है। देवली गांव की पूर्व सरपंच शीला कंवर ने बताया कि प्रशासन को इसे तत्काल दुरुस्त किया जाना चाहिए, नहीं तो इस वर्ष तेज बारिश में यह तालाब की पाळ टूट सकती है। जिसका पानी दर्जनों किसानों के अलावा आवासीय बस्ती में भी चला जाएगा, जिससे ग्रामीणों को नुकसान होगा।
जलसंकट से परेशान ग्रामीण
इसी तरह देवली गांव में पिछले एक सप्ताह से जल संकट बना हुआ है। बीसलपुर परियोजना की ओर से होने वाली जलापूर्ति नहीं हो रही है, जिससे लोग भीषण गर्मी में पानी के लिए तरस रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि देवली गांव में सुचारू जलापूर्ति की जाए, ताकि लोगों को पर्याप्त पानी मिल सके।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि धौलाई सागर तालाब की पाळ को समय रहते तत्काल दुरुस्त किया जाए और देवली गांव में सुचारू जलापूर्ति की जाए, ताकि ग्रामीणों को जलसंकट का सामना न करना पड़े।



