Deoli News 26 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पोल्याड़ा पंचायत के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री का अपहरण कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार रात देवली थाने में मामला दर्ज कराया है।
सहायक उप निरीक्षक दिलीप सिंह के अनुसार पीड़ित पिता ने रिपोर्ट में बताया कि 25 फरवरी को सुबह उसकी नाबालिग पुत्री अपने गांव से देवली में पढ़ने के लिए सुबह 9:30 बजे रवाना हुई। इस बीच यहां बस स्टैंड पहुंचने पर यहां पहले से मौजूद गावड़ी के नाकाहाली निवासी एक युवक और उसके साथी ने नाबालिग को जबरन डरा धमकाकर बाइक पर बैठा लिया और अपहरण कर मोरला बाईपास स्थित एक होटल पर ले गए। रिपोर्ट में आरोप लगाया कि यहां होटल में दोनों जनों ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और बाद में वापस देवली छोड़ गए। वहीं जाते वक्त आरोपियों ने पीड़िता को यह बात किसी से नहीं बताने की बात कही।
पुलिस ने पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर जांच देवली के डीएसपी रामसिंह को सौंपी है। बता दे कि पोक्सो एक्ट की जांच उपअधीक्षक स्तर के अधिकारी करते हैं।


