Deoli News 28 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अखिल राजस्थान लैबोरेट्री टेक्नीशियन कर्मचारी संघ जयपुर के आह्वान पर गुरुवार को राजकीय उप जिला चिकित्सालय देवली के लैब टेक्नीशियन कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया।
दरअसल विरोध प्रदर्शन सरकार की नई योजनाओं और प्रयोगशालाओं के निजीकरण के आदेशों के खिलाफ है। कर्मचारियों ने बताया कि उनका यह विरोध स्पोक एवं हब योजना को निरस्त करने एवं प्रयोगशालाओं के निजीकरण के विरोध में है। यह विरोध प्रदर्शन 28 से शुरू हुआ है और 30 अगस्त तक जारी रहेगा। इस दौरान पहले दिन कर्मचारियों ने अपने कार्यस्थल पर काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। उनका मानना है कि सरकार की नीतियां प्रयोगशाला कर्मचारियों के भविष्य और जन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को खतरे में डाल रही हैं।
संघ के निर्देशानुसार यह विरोध चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है, ताकि सरकार का ध्यान इस महत्वपूर्ण मुद्दे की ओर आकर्षित किया जा सके। विरोध प्रदर्शन में राजकीय उप जिला चिकित्सालय के कई लैब टेक्नीशियन शामिल हुए, इनमें जितेंद्र अग्रवाल, पुष्पराज सिंह मीणा, मनोहर सिंह, अर्जुन गुर्जर, अजय सैनी, चंद्र मोहन शर्मा, और सुनीता गुर्जर शामिल हैं।



