Desk News 24 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जिले में गत दिनों में तापमान में वृद्धि हुई है एवं भीषण गर्मी हो रही है। लिहाजा यह गर्मी लोगों के साथ मवेशियों के लिए भी जानलेवा है।
ऐसे में तेज गर्मी में पशु मालिक द्वारा ऊंट, घोड़ा, खच्चर, पोनी, बैल, पाड़ा, गधा तथा ऊँट जैसे पालतु पशुओं को बिना पानी, भोजन एवं आराम के बिना चिलचिलाती गर्मी में भार ढ़ोने के कार्य में उपयोग लिया जा रहा है। लू एवं तापघात से पशुओं में डीहाइड्रेशन की संभावना बहुत बढ़ जाती है, जो कि पशु क्रूरता की श्रेणी में आता है। जिला मजिस्ट्रेट डॉ. सौम्या झा ने पशु क्रूरता की रोकथाम, पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण एवं पशुओं के प्रति मानवीय दृष्टिकोण व दया भावना को लेकर आदेश दिए है कि पशुओं को भीषण गर्मी के दौरान सुबह 11 से शाम 4 बजे के मध्य भारवाहक के कार्य के लिए उपयोग में नहीं लेवे। जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि कोई भी पशु मालिक इस अवधि में अपने पशुओं का उपयोग भारवाहक के लिए करता पाया गया तो उसके विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
वार्ड पंच का पद रिक्त घोषित
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) प्रतिष्ठा पिलानिया ने पंचायत समिति देवली की ग्राम पंचायत पोल्याड़ा के वार्ड पंच का पद रिक्त घोषित किया है। सीईओ ने बताया कि ग्राम पंचायत के वार्ड नं 2 के वार्ड पंचलादू लाल बैरवा की मृत्यु होने के कारण इस पद को रिक्त घोषित किया है।



