विधायक गोपीचंद मीणा और सांसद दामोदर अग्रवाल ने की साफ-सफाई
Deoli News 11 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) भाजपा के स्थापना दिवस पर गाडोली मंडल के ग्राम अमरवासी में “गाँव-बस्ती चलो अभियान” के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा और सांसद दामोदर अग्रवाल ने पूर्व प्रधान कौशल किशोर शर्मा एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सार्वजनिक स्थलों पर श्रमदान किया।
अभियान के दौरान सभी ने मिलकर झाड़ू थामी और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई कर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में सघन स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की। विधायक और सांसद ने इस दौरान स्वच्छता, सेवा और समर्पण का संदेश देते हुए कहा कि हम सभी एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का माला पहनाकर सम्मान किया गया और पार्टी की मजबूती में उनके बहुमूल्य योगदान की सराहना की गई। इस दौरान मंडल अध्यक्ष महेंद्र तिवाड़ी, दिनेश माली, महामंत्री दिनेश राणावत, छीतर जाट, पूर्व सरपंच जयसिंह मीणा, राजेश जैन, धनराज मीणा और रतन सुवालका सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।



