तीन मंदिर व एक मकान से चोरी, क्षेत्र के डाबर कला में चोरों का धमाल
Deoli News 19 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) स्थानीय थाना क्षेत्र के डाबर कला गांव में शनिवार रात चोरों ने तीन मंदिर व एक ग्रामीण के मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने तीन अलग-अलग मंदिरों व एक मकान को निशाना बनाया है।


वारदात का पता लगने पर देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा नुकसान का आकलन किया व वारदात से जुड़े साक्ष्य लिए। पुलिस ने बताया कि बीती रात चोरों ने डाबर कला स्थित अन्नपूर्णा माता मंदिर में माता की प्रतिमा पर लगे चार चांदी के छत्र चुरा लिए। इन चांदी के छत्र का वजन करीब सवा किलो है। इसी तरह चोरों ने माता की सोने की बाली व दानपात्र तोड़कर दान राशि चुरा ली। अनुमान है कि मंदिर में करीब 40 से 50 हजार रुपए की दान राशि थी। यह वारदात रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। यहां पुजारी कमरे में रहता था। जिसे चोरों ने बाहर से बंद कर दिया तथा वारदात को अंजाम दिया।

इसी तरह चोरों ने देवनारायण मंदिर व बाबा रामदेव मंदिर में दान पेटी तोड़कर दान राशि चुरा ली। इनमें भी काफी नकद राशि होने का अनुमान है। चोरों ने ग्रामीण रामदेव रेगर के मकान में रखे बक्से से 30 हजार रुपए पार कर लिए। वारदात का पता सुबह लगा सूचना पर थाना पुलिस के हेडकांस्टेबल संदीप यादव मौके पर पहुंचे तथा चारों जगह पर जाकर मौका मुआयना किया। मामले में देवली थाने में प्रकरण दर्ज किया तथा अनुसंधान शुरू किया गया है।




