-
अभियुक्त को पुलिस रिमांड पर लेकर की जा रही है जांच
-
गत वर्ष हुई थी कमल कंजर की हत्या
Deoli News 14 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली पुलिस ने एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए पिछले दिनों मुख्य अभियुक्त जसदीप उर्फ दीप पुत्र चरणजीत सिंह जट सिख निवासी बाल छप्पर जिला यमुनानगर (हरियाणा) को गिरफ्तार किया था।
प्रीवियस न्यूज़ :
देवली में तीन माह पहले हुए ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, आरोपी शार्प शूटर व विकलांग
थाना प्रभारी दौलतराम गुर्जर ने बताया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गत वर्ष 20 दिसंबर 2024 को जयपुर रोड पर एक कार में फायरिंग कर कमल कंजर निवासी घाड़ की हत्या कर दी थी और बलेनो कार लूट ली थी। जबकि घटनाक्रम में संतोष कंजर और वीरू कंजर बच निकले थे। मामले में पुलिस अधीक्षक टोंक, विकास सागवान ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एक टीम गठित की गई थी, जिसमें थानाधिकारी देवली दौलत रामगुर्जर के नेतृत्व में कई अधिकारी शामिल किए गए।
टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी जसदीप उर्फ दीप ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना से पहले दो दिन तक देवली कस्बा, पोल्याड़ा, टोंक आदि में रैकी की थी। वारदात के बाद निकल भागने के रास्ते देखे थे। आरोपी बूंदी स्थित होटल झंकार मेन्सन में ठहरे थे, जहां से पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए हैं।
आरोपी जसदीप उर्फ दीप ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। वे लोगो में भय पैदा करना चाहते थे और अपनी पहचान बनाना चाहते थे। आरोपी ने बताया कि उसने पूर्व में भी कई फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी जसदीप उर्फ दीप का एक पैर रोड एक्सीडेंट में कट गया था, जिसे उसने आर्टिफिशियल पैर लगवाया था। आरोपी इस पैर को शातिराना अंदाज में अपने बचाव के तौर पर प्रयुक्त करता था। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशादेही से घटना के सीन रिक्रियेट करवाने से वारदात के संबन्ध में कड़ी से कड़ी जोड़ने में मदद मिली है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी को पुलिस में 3 दिन के रिमांड पर लिया है। जिससे उक्त घटनाक्रम के संबंध में सीन रिक्रिएट कर और साक्ष्य व जानकारी जुटाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि आरोपी जसदीप को गिरफ्तार करने में साइबर सेल के हेडकांस्टेबल राजेश, पुलिसकर्मी राजेश, हेडकांस्टेबल अब्दुल वहाब, पुलिसकर्मी ईस्माइल और जीतराम का मुख्य योगदान रहा था। थाना प्रभारी पुलिसकर्मियों के साथ बूंदी पहुंचे और होटल पर जांच की।



