एपीके फाइल डाउनलोड करने से हुई थी 2 लाख 75 हजार की ठगी
Deoli News 1 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) साइबर ठगों ने शहर के कुंचलवाड़ा रोड स्थित एक जने के मोबाइल फोन में एपीके फाइल डाउनलोड के जरिए करीब 2 लाख 75 हजार रुपए खाते से निकाल लिए थे। बाद में देवली पुलिस ने तत्काल कोशिश कर खाते को होल्ड करवाया।
बाद में करीब ढाई महीने बाद होल्ड करवाई 2 लाख 2 हजार रुपए की राशि वापस पीड़ित के खाते में ट्रांसफर कराई। थाना प्रभारी राजकुमार नायक के अनुसार गत शहर के कुंचलवाड़ा रोड निवासी हेमराज पुत्र मोतीलाल गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि गत 20 जून को सुबह वे सुबह उठे तो उनके फोन में राशि निकालने के मैसेज मिले। बाद में पीड़ित ने फोन में बैलेंस देखा तो अज्ञात साइबर ठगों ने उसके खाते से 2 लाख 75 हजार रुपए की राशि निकाल ली। बाद में मामले की रिपोर्ट साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराई। इस दौरान देवली थाने के पुलिसकर्मी करतार ने पीड़ित के फोन की जांच की तो उसमे ठगों ने एपीके फाइल डाउनलोड कर फोन हेक कर लिया और राशि निकाल ली। उन्होंने बताया कि बाद में तत्काल कार्रवाई कर साइबर क्राइम टीम ने संपर्क कर छत्तीसगढ़ की भिलाई के खाते में एक लाख 60 हजार रुपए व महानगर नागरिक शाह बैंक शाखा भोपाल मध्यप्रदेश के खातों से 42 हजार 263 रुपए की राशि होल्ड कराकर फ्रिज कराई।
वहीं साइबर रिपोर्ट में जांच रिपोर्ट पेश होने के बाद पुलिस ने न्यायिक मजिस्ट्रेट देवली के समक्ष जांच रिपोर्ट प्रस्तुत कर पीड़ित को राशि दिलवाने का आदेश देने की स्वीकृति मांगी। उक्त आदेश जारी होने पर पुलिस ने होल्ड की 2 लाख 2 हजार 263 रुपए वापस पीड़ित के खाते में स्थानांतरित कराई है, जो अगले वर्किंग डे में पीड़ित के खाते में आ जाएगी। पुलिस ने लोगो से मोबाइल फोन में अनजान लिंक पर क्लिक नही करने व वाट्सएप पर आने वाली कोई भी एपीके फाइल इंस्टाल नही करने की अपील की है। पीड़ित को राशि दिलाने में पुलिसकर्मी करतार की अहम भूमिका रही है।



