विभिन्न दावेदारों ने रखा पक्ष
Deoli News 19 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली- उनियारा विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की हलचलें तेज हो गई है। उम्मीदवार के चयन को लेकर कार्यकर्ताओं से पक्ष जानने के लिए सोमवार को दिल्ली से आए बीजेपी के सांसद रामवीर सिंह विधूड़ी ने बाईपास पर स्थित एक निजी होटल में बीजेपी कार्यकर्ताओं से भेंट की और उनकी राय जानी।
पार्टी सुत्रों ने बताया कि इस दौरान अलग-अलग कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान अधिकांश कार्यकर्ताओं ने उपचुनाव में “लोकल उम्मीदवार” को टिकट देने की मांग जोरो- शोरो से उठाई और तर्क रखे।उल्लेखनीय है कि देवली-उनियारा सीट पर वर्ष 2018 से लगातार पार्टी उम्मीदवार की हो रही हार को लेकर गहरी चिंता जताई है। कार्यकर्ताओं, नेताओ ने विधूडी को बताया कि लगातार 2 बार विधानसभा चुनावों के बाद लोकसभा चुनावों में भी पार्टी के उम्मीदवार की हार से क्षेत्र के कार्यकर्ता हताश है व परेशान भी है, कि उनके काम नही होने से आम लोग भी तकलीफ में है। लगातार कांग्रेसी उम्मीदवार के जीतने से पार्टी में हताशा का वातावरण बना हुआ है।
बीते विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस विरोधी लहर के बावजूद बीजेपी का उम्मीदवार हारा है और प्रधानमंत्री मोदी की सभा के बावजूद भी लोकसभा की सीट हारना बड़ी चिंता का विषय है। कार्यकर्ताओं ने प्रभारी के समक्ष बताया कि जातिगत समीकरणों से इतर यदि लोकल लोकप्रिय उम्मीदवार को टिकट दिया जाता है तो पार्टी से सामान्य मतदाता न केवल जुड़ेंगे, बल्कि पार्टी उपचुनाव भी जीतेगी। पार्टी को नए निर्विवाद उम्मीदवार का चयन करना अनिवार्य है जीत के लिए।कार्यकर्ताओं ने कहा कि विधानसभा में एक ही प्रयोग बार- बार करने के बाद भी अपेक्षित परिणाम नही मिल पा रहे है। लिहाजा अबकी बार लोकल उम्मीदवार को टिकट देने से क्षेत्र की हवा को बदला जा सकता है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उपचुनाव के मद्देनजर ऐसे उम्मीदवार का चयन होना चाहिए जिन्हें सब वर्गों का समर्थन प्राप्त हो, तभी पार्टी को विजय प्राप्त होगी। अन्यथा फिर पार्टी के पिछड़ने की आशंका है। इस दौरान पूर्व विधायक राजेन्द्र गुर्जर, गत चुनाव में निर्दलीय लड़ चुके, प्रोफेसर विक्रम सिंह समेत कई दावेदारों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ विधूड़ी के समक्ष पक्ष रखा।
इस दौरान बीजेपी करीब 40 कार्यकर्ताओं, नेताओं ने स्थानीयता के मुद्दे पर विधूड़ी के समक्ष स्थानीय उम्मीदवार के रूप में उनियारा से पूर्व विधायक व केबिनेट मंत्री रहे डॉ. प्रभुलाल सैनी का नाम प्रस्तावित करते हुए दावा भी किया कि यदि पार्टी डॉ. सैनी को चुनाव मैदान में उतारती है तो उपचुनाव की स्थिति बदल जाएगी और जातिगत समीकरणो से ऊबे मतदाताओं के समक्ष एक सशक्त विकल्प भी बनकर उबरेंगे, जो पार्टी को जीत दिला सकते है।
विधूड़ी ने सब पक्षो की बात बड़े ध्यान से सुनी और फीडबैक लेने के बाद वे जयपुर के लिए रवाना हो गए। फीडबैक बैठक में बीजेपी के जिलाध्यक्ष अजीत मेहता भी उपस्थित थे।


