Deoli News 7 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) निवारिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य महावीर मीणा की मेहनत से विद्यालय की सूरत बदल गई है। एक के बाद एक विकास कार्यों से सौंदर्य के साथ स्कूल में सुविधाओं में भी इजाफा हुआ है।
शिक्षकों का कहना है कि यह सब प्रधानाचार्य के नेतृत्व व मेहनत से हुआ। इसे लेकर सबसे पहले विद्यालय के एक भाग को ट्रेन लुक दिया। स्टॉफ के साथ भामाशाहों को प्रेरित कर सरस्वती मंच, मां सरस्वती मंदिर निर्माण, विद्यालय छत मरम्मत, जल मंदिर, बीसलपुर लाइन से मीठे पानी की व्यवस्था, पानी के लिए टैंक, पोषाहार कक्ष के सामने टीनशेड एवं सीमेंट की फर्श, पौधारोपण के लिए क्यारियां, बच्चों के लिए लाइब्रेरी, कक्षा कक्षों में कैमरे, शौचालयों की मरम्मत एवं पानी की व्यवस्था सुचारू करवाई।विद्यालय के नए लुक के चलते बच्चों में पढ़ाई के प्रति माहौल बना है। पूर्व में भी उत्कृष्ट कार्य और प्रबंधन के लिए प्रधानाचार्य महावीर मीणा को उपखण्ड अधिकारी देवली द्वारा सम्मानित किया गया है।
स्वामी विवेकानंद की जीवनी पर विभिन्न प्रतियोगिताएं हुई
राजकीय महाविद्यालय देवली में राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई प्रथम एवं द्वितीय के संयुक्त तत्वाधान में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हो रहा है। प्राचार्य प्रो. पूरणमल वर्मा के निर्देशन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी निशा मीणा (इकाई प्रथम) व निकिता वर्मा (इकाई द्वितीय) के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद की जीवनी पर भाषण प्रतियोगिता हुई। भाषण प्रतियोगिता में एमए अंतिम वर्ष (भूगोल) की छात्रा प्रज्ञा शर्मा ने प्रथम, प्रिया पांचाल ने द्वितीय एवं बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा कविता कुमारी मीणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में सहायक आचार्य सुमन मीणा एवं सत्यनारायण मीणा ने निर्णायक थे। प्राचार्य ने स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद की जीवनी से प्रेरणा लेकर व्यक्तित्व विकास करने की बात कही। सहायक आचार्य अनंत चौधरी ने भी विचार व्यक्त किए।


