देवली के अजमेर-कोटा बाईपास पर बदहाल सड़क बनी समस्या का सबब
Deoli News 30 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के अजमेर-कोटा मार्ग स्थित देवली बाईपास का एक हिस्सा इन दिनों वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। स्थिति यह है कि यहां से गुजरने वाले वाहन ईसीजी के वेव की तरह ऊपर नीचे होते हुए चलते हैं, जो जोखिमपूर्ण है।
यह स्थिति अंधेरा ढलने के बाद ज्यादा बदतर हो जाती है। दरअसल यहां होटल नाना से लेकर होटल शिवशक्ति के बीच का लगभग 100 मीटर का रास्ता बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है, जिसके चलते आए दिन लंबा जाम लग रहा है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहनों को गुजरने में भारी दिक्कतें आ रही हैं। यह बाईपास अजमेर, भीलवाड़ा और कोटा के बीच का मार्ग है, और यहां से रोजाना हजारों की संख्या में बड़े-छोटे वाहन गुजरते हैं। सड़क की खस्ताहालत के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो जाती है, और कई बार तो वाहन इन गड्ढों में फंस भी रहे हैं।
खासकर बरसात में गड्ढे पानी से भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। यहां के लोगों को टूटी हुई सड़कों का मलबा डालकर काम चलाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और संबंधित विभाग इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिसके कारण यह बाईपास अब दुर्घटनाओं को निमंत्रण दे रहा है। उन्होंने सड़क की मरम्मत कराने और इस समस्या का स्थाई समाधान निकालने की मांग की है, ताकि आमजन और वाहन चालकों को राहत मिल सके।
इसी तरह अजमेर बाईपास किराए से लेकर चिंताहरण बालाजी तक की सड़क भी खस्ता हाल है। यहां एक दो नहीं, बल्कि कई बड़े गड्ढे हैं। यदि विभाग बारिश के बाद उक्त सड़क की मरम्मत की सोच रहा है तो, यह गलत साबित हो सकता है। इस बीच हुआ बड़ा हादसा विभाग के लिए मुसीबत बन सकता है।

टोंक स्कूल हादसा : स्कूल के 4 कमरे ध्वस्त, किले की गिर गई दीवार


