Deoli News 5 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पनवाड़ में दो माह से बंद पड़े मार्ग से ग्रामीणों के हालात खराब हो रहे हैं। नाले में पानी भर जाने से देवली नैनवा मार्ग बंद हो गया है, जिससे स्कूली बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और बच्चे स्कूल जाने से कतरा रहे हैं।
शुक्रवार को एक पिकअप उड़द से भरी हुई पलट गई। जिसमें चालक सहित दो जनों को ग्रामीणों ने बचाया। वहीं फिर शाम को जीप पलट गई। नाले में अब तक एक गेहूं के ट्रक सहित करीब एक दर्जन से ज्यादा बड़े वाहन और 100 से ज्यादा दुपहिया वाहन फंस चुके हैं। ग्रामीण नंदकिशोर माली, रामकरण, राजकुमार खटीक, बद्रीलाल, ओमप्रकाश, छोटूलाल, यादराम, सोजी, अर्जुन माली, महावीर माली और निलेश सैनी ने बताया कि प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। ग्रामीण मुआवजे की मांग कर रहे हैं क्योंकि अधिक बरसात के कारण उनकी फसलें नष्ट हो चुकी हैं।
ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्य नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे। इसी तरह नाले के पास से गुजरने वाले 11 केवी के तार झूल रहे हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है। निगम को भी कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।


