इस बार 8 दिन के होंगे नवरात्र
Deoli News 28 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बसंतीय नवरात्र में माता दुर्गा इस वर्ष हाथी पर बैठकर आ रही है, जो सुख समृद्धि एवं शान्ति का प्रतीक है। मनु ज्योतिष एवं वास्तु शोध संस्थान टोंक के निदेशक बाबूलाल शास्त्री ने बताया कि इस वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा रविवार को सूर्योदय सुबह 6.24 बजे होगा।
जबकि द्विव स्वभाव मीन लग्न सुबह 7.07 बजे तक रहेगा, जो घटस्थापना के लिए श्रेष्ठ मुहूर्त है। चैत्र नवरात्र का प्रारंभ चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 29 मार्च शनिवार शाम 4.28 बजे से प्रारंभ हो रही है और 30 मार्च रविवार को प्रतिपदा तिथि सुबह सूर्योदय से दोपहर 12.49 बजे तक है। इस वर्ष नवरात्र आठ दिन के ही होंगे। इसकी वजह तृतीया तिथि का क्षय होना है। इस वर्ष के दौरान कई शुभ योग भी होंगे, जिनमें स्वार्थ सिद्धि योग, अमृत योग और रवि पुष्य नक्षत्र शामिल हैं। ये योग विशेष रूप से शुभ माने जाते हैं और इनमें किए गए कार्यों का विशेष फल मिलता है। जबकि 6 अप्रेल रविवार को रामनवमी पर्व रवि पुष्य योग विशेष बन रहा है।



