Deoli News 17 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) लोकसभा चुनाव के तहत जिले में मतदाता पर्ची और मार्गदर्शिका का वितरण हो रहा है। मतदाता पर्ची पर पहली बार क्यूआर कोड का उपयोग किया गया है।
मतदाताओं ने कोड को स्कैन कर मतदान केंद्र से लेकर सूची में किस नंबर पर नाम है, उसकी जानकारी भी ली। बीएलओ ने मतदाताओं को वोटर लिस्ट में नाम और क्रमांक के साथ वोटर हेल्पलाइन एप से सूची में नाम देखने की प्रक्रिया बताई। साथ ही, सी-विजिल, केवाईसी, सक्षम सहित निर्वाचन संबंधित मोबाइल एप की जानकारी दी गई।
केंद्र पर मतदाताओं के लिए सुविधाएं
बीएलओ ने मतदान दिवस पर केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि वोटर हेल्प डेस्क, विशेष योग्यजन एवं वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए वॉलिंटियर्स, रैंप, व्हीलचेयर व परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही पानी, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाएं मतदान दिवस पर उपलब्ध रहेंगी।
हैप्पी ऑवर्स में मतदान की अपील
मतदाताओं से हैप्पी ऑवर्स में सुबह 7 से 10 बजे तक अधिकाधिक मतदान करने के लिए अपील की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी से मतदान दिवस पर अंगुली पर स्याही के निशान के साथ सेल्फी निर्वाचन संबंधित हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि मतदान दिवस पर नवविवाहित वर-वधु और संयुक्त परिवार की तीन पीढ़ियों द्वारा मतदान की सेल्फी अपलोड करें। मतदान दिवस पर मतदान केंद्र पर सेल्फी पाइंट लगेंगे। मतदान के बाद सेल्फी लेकर सीईओ राजस्थान की वेबसाइट पर पोस्ट करने पर प्रमाण पत्र मिलेगा।
21 अप्रैल को भी केंद्रों पर रहेंगे बीएलओ
21 अप्रैल को भी आओ बूथ चले अभियान के तहत मतदान केंद्रों पर मतदाता मार्गदर्शिका एवं मतदाता पर्ची का वितरण किया जाएगा। मतदाता अपनी पर्चियां और मार्गदर्शिका बीएलओ से प्राप्त कर सकेंगे।
देवली में घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी
Deoli News 17 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली शहर के साकेत कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बाइक चोरी होने की बुधवार को स्थानीय थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में प्रार्थी विनय कुमार जोशी पुत्र कैलाशचंद जोशी ने बताया कि मंगलवार दोपहर उनकी बाइक साकेत कॉलोनी स्थित मकान के बाहर खड़ी थी।
दोपहर करीब एक बजे वह बाहर निकले तो बाइक नजर नहीं आई। तलाश करने पर भी पता नहीं लगा। इसे अज्ञात चोर उनकी बाइक को चुराकर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध बाइक ले जाता हुआ नजर आ रहा है।


