Deoli News 3 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के बंगाली कॉलोनी क्षेत्र से पिछले दिनों सवाईमाधोपुर गई एक बारात में आपसी विवाद के बाद हुए हमले में एक युवक की मंगलवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, एक अन्य युवक घायल है जिसका उपचार जारी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह घटना गत 30 नवंबर को सवाई माधोपुर में बस को वापस रवाना करने के दौरान हुई। बताया गया कि बरातियों में शामिल कुछ युवकों के बीच बस में बैठने को लेकर मामूली विवाद हुआ था। जिस सीट पर बैठकर आए थे, उसी पर वापस आने को लेकर विवाद होना सामने आया है। इसके बाद करीब आधा दर्जन युवकों ने मनोज कुमार उर्फ मोनू पुत्र बद्री गोठवाल जाति रेगर, निवासी देवली गांव और रवि उर्फ मोनू रेगर निवासी देवली गांव पर हमला कर दिया। यह दोनों युवक पारिवारिक भाई है।
हमलावरों ने चाकूनुमा नुकीले हथियार का इस्तेमाल किया, जिससे मनोज के पेट में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसी रात दोनों युवकों को सवाई माधोपुर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रैफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक मनोज को काफी यूनिट ब्लड चढ़ाया गया, इसके बावजूद उन्होंने मंगलवार रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना से देवली गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
फिलहाल, कानूनी कार्रवाई में व्यस्त होने की वजह से परिजनों की ओर से थाने में रिपोर्ट नहीं दी गई है। परिजनों द्वारा रिपोर्ट दिए जाने के बाद ही पूरे मामले का सही खुलासा हो पाएगा।
हाइवे पर शव को रोंदते रहे वाहन, मानो लोगों की मानवता ही मर गई, भरतपुर में दर्दनाक हादसा


