भविष्य में हादसे का रहेगा सबब, सड़क की चौड़ाई भी होगी कम
Deoli News 27 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका देवली की ओर से हुडको द्वारा वित्त पोषित योजना के तहत बनाए जा रही बोरड़ा गणेश की सड़क निर्माण में जल्दबाजी देखी जा रही है। जहां सड़क के बीच लगे बिजली के खम्बों को दरकिनार कर सड़क बनाई जा रही। इसकी कार्यकारी एजेंसी सार्वजनिक निर्माण विभाग है।
ऐसे में यह खंबे भविष्य में दुर्घटना की बड़ी वजह बनेंगे। गौरतलब है कि निर्माण एजेंसी पीडब्ल्यूडी की विभिन्न बीटी सड़कों के निर्माण कार्य के तहत देवली से बोरड़ा गणेशजी तक सड़क निर्माण का कार्य चल चल रहा है। उक्त निर्माण के लिए 413.53 लाख रुपए स्वीकृत हुए। वही आगामी 15 नवंबर 2024 तक कार्य समाप्ति की तिथि है। उक्त सड़क की गारंटी होगी 5 वर्ष तक की दी गई। लेकिन खास बात यह है कि सड़क निर्माण में लापरवाही व जल्दबाजी देखी जा रही है।
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि यहां सड़क के बीच कई बिजली के खंबे लगे हैं। जिन्हें नजरअंदाज कर सड़क बनाई जा रही है। ऐसे में कई जगहों पर यह खम्बे बीचो-बीच दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में रात के वक्त हादसा होने की संभावना रहेगी। बीती रात भी एक युवक सड़क दुर्घटना में यहां घायल हो गया। लोगों की मांग है कि सड़क के किनारे व बीच में आ रहे खम्बों को शिफ्ट किया जाना चाहिए। जिससे कि सड़क की चौड़ाई बढ़ने के साथ हादसे की वजह भी खत्म होगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले क्षेत्रवासियों की मांग पर सड़क का सीमा ज्ञान कर चौड़ाई बढ़ाई गई थी।



