देवली में रात हुई कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में पहली चुनावी सभा
Deoli News 7 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के छतरी चौराहे पर बुधवार रात देवली- उनियारा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी केसी मीणा के समर्थन में चुनावी सभा हुई। हालांकि अपेक्षाकृत भीड़ तो नही जुटी। लेकिन कांग्रेस के बड़े दिग्गज नेताओं ने प्रदेश की बीजेपी सरकार को घेरा और बीजेपी सरकार को पर्ची सरकार बताया।
उक्त सभा करीब 8 बजे शुरू हुई। जिसमें कांग्रेस के दिग्गज नेता शांति धारीवाल ने बीजेपी सरकार को जनविरोधी, किसान, मजदूर विरोधी सरकार बताते हुए 13 नवम्बर को होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को विजय बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीजेपी देश मे भाईचारे के खिलाफ है। मंदिर- मस्जिद, सीबीआई, ईडी के बहाने विरोधी नेताओ को झूंठे मामलों में फंसा रही है। जबकि पिछली कांग्रेस सरकार ने हर वर्ग का ख्याल किया और उन्हें लाभान्वित करने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बीते 9 महीनों में बीजेपी सरकार ने कोई विकास का काम नही किया, बल्कि उल्टे चल रही योजनाओं को बंद कर जनविरोधी काम किया है। एकल पट्टा मामले में शांति धारीवाल ने सभा में न तो कोई सफाई दी और न मुद्दे का उल्लेख किया।
पूर्व मंत्री रघु शर्मा ने बीजेपी सरकार पर आमजन की सुविधा के लिए बनाए गए जिलों को खत्म करने की साजिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार से आमजन त्रस्त है, विधायकों, मंत्रियों की कोई सुनवाई नही है। ऐसे में प्रदेश में बीजेपी सरकार को भारी झटका देने की जरूरत है। सांसद हरीश मीना ने भी प्रदेश की बीजेपी सरकार को जनविरोधी सरकार बताते हुए अपने कार्यकाल में करवाएं गए विकास कार्यो को बेमिसाल बताया और कहा कि उनके क्षेत्र से कांग्रेस की बड़ी जीत होगी और कांग्रेस के स्थानीय प्रत्याशी किस्तुर चंद मीणा बड़ी जीत दर्ज करेंगे।
बाड़मेर से सांसद उम्मेदाराम चौधरी, आमेर विधायक प्रशांत शर्मा, छबड़ा विधायक करणसिंह, बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा, महिला प्रदेशाध्यक्ष राखी गौत्तम, विधायक अमीन कागजी समेत कई कांग्रेसी नेताओं ने बीजेपी सरकार को कोसा और उनके भाषण का मुख्य निशाना बागी उम्मीदवार नरेश मीणा थे। वक्ताओं ने नरेश मीणा को बीजेपी की बी टीम बताया और आरोप लगाया कि नरेश मीणा को भाजपा ने मीणा वोट काटने के लिए साजिश रचकर खड़ा किया है। इससे पहले सभी नेताओं, विधायकों, सांसदों को मालाएं, साफे पहनाकर स्वागत किया। मंच का संचालन विनोद पुजारी ने किया। इस दौरान पार्षद भीमराज जैन कुंदनमल, दिनेश जैन, सौरभ जिंदल, जाकिर कुरैशी, नीरज शर्मा, विनोद धर्माणी, मुकेश गोयल आदि मौजूद थे।



