पानी की बंपर आवक
Deoli News 7 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीसलपुर बांध में पानी की बंपर आवक होने के चलते एक बार फिर डेम के गेट और खोले गए हैं। लिहाजा पानी की निकासी की मात्रा भी बढ़ गई है। बीसलपुर नियंत्रण कक्ष की सूचना के अनुसार पूर्व में शुक्रवार तक चार गेट से पानी की निकासी की जा रही थी।
लेकिन लगातार पानी की तेज आवक के चलते जलस्तर को बनाए रखने के लिए परियोजना ने दो गेट और खोलने का निर्णय किया है। फिलहाल गेट संख्या 7 से लेकर 12 तक आधा दर्जन गेट खुले हैं। यहां दो व तीन-तीन मीटर गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। अभी 96 हजार 160 क्यूसेक पानी डैम के गेट से निष्कासित किया जा रहा है। उधर, बीसलपुर कैचमेंट एरिया में भारी बारिश के चलते त्रिवेणी का गेज एक बार फिर बढकर 4.30 मीटर हो गया है। लिहाजा उम्मीद है कि पानी की आवक को देखते हुए परियोजना फिलहाल अग्रिम दिनों तक गेटों से पानी की निकासी जारी रखेगी। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार सुबह 11 बजे बीसलपुर परियोजना ने पूर्ण भराव के बाद दो गेटों से पानी की निकासी शुरू की थी, जो बढ़कर अब आधा दर्जन हो गए हैं।
उधर, बोरड़ा गणेश मंदिर मार्ग पर मुंशीपुरा तिराहे के करीब बिजली का खंबा पानी में गिर गया है। ऐतिहात के तौर पर पुलिस उपाधीक्षक देवली रामसिंह व थाना प्रभारी राजकुमार नायक पुलिसकर्मियों के साथ मौजूद है। वही मार्ग पर कांटे आदि डालकर लोगों को वापस भेजा जा रहा है। प्रशासन ने अपील की है कि पुलिया पर दो फ़ीट से अधिक पानी का बहाव है। लिहाजा लोग मंदिर नहीं आए।


