सायरन बजने पर बंद रखे लाइट
Deoli News 7 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जिला प्रशासन टोंक ने जिले के सभी लोगों से अपील की है कि रात के समय सायरन बजने पर वे अपने घरों, दुकानों, कारखानों और वाहनों की लाइट बंद कर पूर्ण अंधेरा रखें।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक जिला प्रशासन ने नागरिकों से कहा कि वे सायरन बजने पर अपने घरों में रहें और प्रत्येक स्थान की लाइट बंद कर दें। इसके अलावा भगदड़ और धूम्रपान न करें। माचिस, मोबाइल, टॉर्च और फ्लैशलाइट का इस्तेमाल न करें और यदि किसी घर या प्रतिष्ठान की खिड़की से प्रकाश बाहर निकलता दिखे तो उस स्थान पर काला कागज लगाएं।
सड़क पर चलने वाले वाहनों की लाइट बंद करें और जहां जो हो, वही वाहन के साथ रुक जाएं। ब्लैक आउट के दौरान सिविल डिफेंस के वार्डनों की सहायता ली जा रही है, लिहाजा क्षेत्र के वार्डनों को सहयोग करें। सायरन 2 मिनट लगातार ऊंची आवाज में बजने पर बचाव कार्य और अन्य गतिविधि में लग जाएं। यह सूचना युद्ध के दौरान संभावित हवाई हमले के मद्देनजर नागरिकों की सुरक्षा की दृष्टि से दी जा रही है।



