आरएलपी प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन
Deoli News 13 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रत्याशी डॉ. विक्रम सिंह गुर्जर के चुनाव कार्यालय का सोमवार को शहर के गुरुद्वारा रोड स्थित एक भवन में उद्घाटन हुआ। इसके बाद गुर्जर ने देवली शहर में जनसंपर्क कर लोगों को संबोधित भी किया।


इससे पहले प्रत्याशी गुर्जर को उनके समर्थक कंधों पर बिठाकर कार्यालय तक लेकर आए। यहां विधिवत मंत्र उच्चारण के साथ फीता काटकर कार्यालय की शुरुआत की गई। इस मौके पर उन्होंने लोगों से कहा कि वे स्थानीय विधानसभा के प्रत्याशी है। उन्हें यहां के लोगों के दुख दर्द की भली भांति पहचान है। उनका प्रयास रहेगा कि भय मुक्त व भ्रष्टाचार मुक्त शासन की स्थापना हो। विशेषकर उन्होंने देवली शहर व डूब क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की बात कही। इसी तरह देवली गांव रोड के मसले पर भी उन्होंने प्राथमिकता दिए जाने की बात कही, ताकि वर्षों से परेशान हो रहे हैं ग्रामीणों को राहत मिले।
बाहरी प्रत्याशियों पर तंज कसा
आरएलपी प्रत्याशी गुर्जर ने कहा कि पूर्व के कार्यकाल में हर कार्यालय में केवल दलाली चली है। दलालों के माध्यम से लोगों के काम हुए हैं। ऐसे प्रत्याशियों को आमजन से कोई लगाव व सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी ऐसे है कि उनका क्षेत्र से कोई अटैचमेंट व लगाव नहीं है।

वह पिछले दिनों ही हिसामपुर में लोगों को संबोधित करते हुए कह रहे थे कि बीसलपुर में यह कर देंगे, वह कर देंगे। फिर लोगों ने उन्हें कहा कि यह हिसामपुर है, बीसलपुर नहीं। उन्हें यह तक पता नहीं है कि हिसामपुर व बीसलपुर में अंतर है। इसके बाद आरएलपी प्रत्याशी गुरुद्वारा रोड, छतरी चौराहा, पटवा बाजार, गणेश रोड, ममता सर्कल सहित प्रमुख मार्गो से होकर गुजरे तथा लोगों से जनसंपर्क किया। इस दौरान डॉ. विक्रम सिंह गुर्जर के समर्थक पारस साहू, रजनीश सुवालका, किशन टेलर, रमेश सोनी, रमेश जैन, सुरेंद्र बैरवा, दिनेश बाबू बैरवा, गौरव मंगल, विष्णु टेलर, रविंद्र बंसल, मोहम्मद इदरीश, सत्यनारायण गोयल समेत कई समाज के लोग मौजूद थे।



