Deoli News 6 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय महाविद्यालय देवली में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई प्रथम एवं द्वितीय के संयुक्त तत्वाधान में डॉ. भीमराव अंबेडकर महापरिनिर्वाण दिवस आयोजित हुआ।
कार्यवाहक प्राचार्य सत्यनारायण मीणा के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी निकिता वर्मा (इकाई द्वितीय) के निर्देशन में आयोजन हुआ। यहां डॉ. भीमराव अंबेडकर के भाव चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित किए गए। प्राचार्य ने स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों को कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन मूल्यों की प्रासंगिकता वर्तमान समय में भी बनी हुई है। जब-जब समाज में सुधार की बात होगी तब-तब उनके प्रेरणादायी व्यक्तित्व को स्मरण किया जाएगा। सहायक आचार्य डॉ. राजेन्द्र प्रसाद वर्मा ने बाबा साहब के समाज सुधार आंदोलन को याद करते हुए कहा कि। उन्होंने हिन्दू धर्म में व्याप्त कुरीतियों एवं छुआछूत की प्रथा को जड़ से खत्म करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे भारतीय संविधान के जनक बने। इसी तरह मनीष कुमार नैनीवाल, डॉ. प्रियंका जैन भी विचार व्यक्त किए।
भारतीय संस्कृति ज्ञान विषय पर वार्ता हुई
दूनी स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को मेंटर-मेंटी वार्ता हुई। योजना प्रभारी सुरेंद्र सिंह नरूका ने बताया कि पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी एवं प्रधानाचार्य भंवरलाल कुमार के निर्देशन में आयोजित वार्ता में देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज हरिद्वार उत्तराखण्ड में अध्ययनरत छात्रा यासिका जोशी, निवेदिता पठानिया एवं गरिमा ने मेंटर के रूप में वार्ता देकर भारतीय संस्कृति के मुख्य तत्वों से छात्र छात्राओं को रूबरू कराया।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति प्राचीन समय से ही समृद्ध संस्कृति रही है और आज भी विदेशो के छात्र यहां अध्ययन करने के लिए आ रहे हैं। हमें पाश्चात्य संस्कृति की ओर न देखकर हमारी गौरवमय भारतीय संस्कृति को अपनाना चाहिए। उन्होंने छात्रों को आत्मबोध और तत्वबोध की साधना के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को रखने के लिए योग और प्राणायाम की आवश्यकता पर जोर दिया और छात्र-छात्राओं को सूक्ष्म योग और प्राणायाम करवाया गया। कार्यक्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार जिला शाखा टोंक के संयोजक हीरालाल शर्मा तथा राजेंद्र प्रसाद शर्मा ने भारतीय संस्कृति अनुसार जन्मदिन संस्कार मनाने की विधि छात्रों को बताई।



