खेत से लौट रहा था युवक, बाइक को पीछे से मारी टक्कर
Deoli News 6 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) घाड़ थाना क्षेत्र के बाजोली निवासी एक 37 वर्षीय युवक की डंपर की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई। मामले में मृतक के चाचा प्रहलाद पुत्र कालूराम मीणा निवासी बाजोली थाना घाड़ ने डंपर चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट में बताया कि उसका भतीजा बाजोली निवासी रामप्रसाद (पप्पू) पुत्र जगदीश मीणा शुक्रवार सुबह 11 से 12 बजे के बीच अपने खेत पर सरसों की फसल को पिलाई कर वापस घर लौट रहा था। इस बीच बालूंदा बडोली मार्ग पर केरली कुई चौराहे के समीप गिट्टी से भरे डंपर ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में रामप्रसाद डंपर के आगे वाले पहिए के नीचे कुचल गया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। रामप्रसाद का शरीर बुरी तरह कुचल गया। वहीं डंपर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। वहीं मामले में मृतक के चाचा प्रहलाद मीणा ने डंपर चालक के विरुद्ध लापरवाहीपूर्वक एवं तेज गति से वाहन चलाकर टक्कर मारने का आरोप लगाया है और रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया गया कि मृतक के पांच संतान है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।



