Deoli News 9 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) चांदली स्थित हिंगलाज माताजी समिति के आम चुनाव जल्द करवाने और लंबे समय से प्रभावशाली व्यक्तियों के पद पर काबिज होने की शिकायत को लेकर ग्रामीणों ने गुरुवार को देवली उपखंड अधिकारी कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया कि हिंगलाज माताजी मंदिर काफी पुराना है और यहाँ बड़ी मात्रा में चढ़ावा एवं दान आता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली व्यक्तियों ने काफी समय पहले स्वयं को ट्रस्टी घोषित करवाकर मंदिर समिति का पंजीयन करवा लिया। तब से लेकर आज तक सिर्फ यही प्रभावशाली व्यक्ति मंदिर समिति में पदाधिकारी बने हुए हैं, जबकि नियमानुसार किसी भी समिति के आम चुनाव एक निर्धारित अवधि में होने चाहिए।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि उन्होंने देवस्थान विभाग, राजस्थान में एक अपील (17/2023 उनवानी सुखलाल आदि बनाम भवानी सिंह) पेश की थी। विभाग ने इस पर निर्णय देते हुए 6 दिसंबर 2024 को पूर्व की समिति को भंग करने के निर्देश दिए थे। हालांकि, इस निर्णय के बावजूद पुरानी समिति के पदाधिकारी अपने पद से नहीं हटे और न ही आम चुनाव की कोई तिथि निश्चित की गई है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि स्थाई पदाधिकारियों द्वारा लंबे समय से भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
ज्ञापन में उन्होंने हिंगलाज माता समिति के आम चुनाव तत्काल करवाने और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित व्यक्तियों को पाबंद करवाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में महावीर प्रसाद शर्मा, दुर्गालाल, सांवरिया धाकड़ सुखवाल, रामेश्वर, मनीष, दिनेश समेत कई ग्रामीण शामिल थे।


बुजुर्ग महिला के साथ दरिंदगी, मजदूरी के बहाने बुलाकर पैरों के दोनों पंजे काटे, जानिए क्यों?


