बाल श्रम की शिकायत पर पहुंची थी मानव तस्करी यूनिट
Deoli News 13 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दैनिक ब्यूरो द्वारा प्रसारित समाचार के बाद मानव तस्करी यूनिट टोंक ने मंगलवार को कार्रवाई की है। यूनिट प्रभारी बृजमोहन देवराज के निर्देश पर यूनिट के सहायक उप निरीक्षक कन्हैया लाल ने टीम के साथ रोडवेज बस स्टैंड परिसर में पहुंचकर खाद्य विक्रेताओं की दुकानों पर जाकर बाल श्रमिकों के संबंध में पूछताछ की।
हालांकि इस दौरान मौके पर कोई बाल श्रमिक नहीं मिला, लेकिन करीब 17 से 20 खाद्य विक्रेताओं को नोटिस देकर उन्हें बाल श्रम नहीं कराने और नाबालिग बच्चों को नहीं रखने के लिए पाबंद किया गया। खाद्य विक्रेताओं को चेतावनी दी गई कि यदि वे नाबालिग बच्चों से काम कराएंगे तो कानूनी तौर पर उन पर कार्रवाई होगी और इसके लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे। इस दौरान यातायात शाखा देवली के हेड कांस्टेबल रामभंवर सिंह भी मौजूद थे। मानव तस्करी यूनिट की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बाल श्रम के खिलाफ एक संदेश गया है। उल्लेखनीय है कि देवली रोडवेज बस स्टैंड परिसर में कई विक्रेता नाबालिग बच्चों से पोहे, पकोड़ी पानी की बोतल, जूस, चाय आदि की बिक्री कराते हैं, जो कि नियम विरुद्ध है।



