“आगामी एक नवंबर तक रहेगी व्यवस्था”
Deoli News 28 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दीपोत्सव के पांच दिवसीय पर्व पर मुख्य बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को प्रबंध करने एवं यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए नगर पालिका व पुलिस प्रशासन की ओर से रविवार रात अस्थाई बैरिकेट्स बांधे गए हैं।
लिहाजा इन पांच दिनों के भीतर मुख्य बाजार में केवल टू व्हीलर ही भीतर तक जा सकेंगे। जबकि चौपाहियां वाहन मालिकों को इस परिधि से बाहर अपने वाहनों को खड़ा करना होगा। यातायात प्रभारी देवली इमरान ने बताया कि पांच दिवसीय पर्व को लेकर देवली के बस स्टैंड निकास द्वार, गुरुद्वारा गौरव पथ रोड, जहाजपुर चुंगी नाका पटवा बाजार प्रवेश द्वार, गणेश रोड ममता सर्कल समेत इलाकों में बैरिकेट्स बांधे गए हैं। यह बेरीकेट्स एक नवंबर तक रहेंगे। इस दौरान खरीददारी करने आने वाले लोगों को फोर व्हीलर अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मुख्य बाजार में केवल टू व्हीलर चालक ही भीतर जा सकेंगे, ताकि मुख्य बाजार में वाहनों का जाम नहीं लगे।
उन्होंने बताया कि धनतेरस 29 अक्टूबर से इन सभी बैरिकेट्स पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे, ताकि व्यवस्था सुचारू रह सके। उल्लेखनीय है कि नगरपालिका व पुलिस प्रशासन की ओर से हर वर्ष यातायात प्रबंधन के लिए यह व्यवस्था की जाती है, जो की कारगर साबित होती है। यदि मुख्य बाजार के इन प्रवेश द्वारों पर बैरिकेट्स नहीं लगाया जाए तो बाजारों में जाम की स्थिति पैदा हो जाएगी।



