जल संकट की समस्या को लेकर महिलाओं ने लगाया था जाम, किया विरोध प्रदर्शन
Deoli News 29 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) गर्मी में जल संकट से परेशान चांदली गांव की महिलाओं ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन के साथ देवली चांदली मार्ग पर जाम लगा दिया था। सूचना पर विभागीय अभियंता तथा तहसीलदार वीरेंद्र सिंह समेत कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से समझाईश की।
करीब 3 घंटे जाम के बाद ग्रामीणों ने अपना विरोध प्रदर्शन वापस लिया। उल्लेखनीय है कि पानी की किल्लत को लेकर सोमवार सुबह चांदली गांव की महिलाओं व ग्रामीणों ने पंचायत पर प्रदर्शन किया तथा देवली मार्ग को कांटे डालकर जाम कर दिया। सूचना पर देवली तहसीलदार वीरेंद्र सिंह शक्तावत, जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, पटवारी, गिरदावर व पनवाड़ चौकी प्रभारी बद्रीलाल यादव समेत मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से मार्ग खोलने की बात कही। लेकिन महिलाओं ने समस्या समाधान का उलाहना दिया। वही अपनी पीड़ा खुलकर बताई। महिलाओं ने बताया कि ऐसी भीषण गर्मी में जल स्रोत सूख चुके हैं। वही जल जीवन मिशन योजना के तहत पानी नहीं आ रहा।
दूर के जल स्रोत से लाना पड़ रहा है पानी
जिससे उन्हें खासी परेशानी हो रही है। महिलाओं को दूर के जल स्रोत से पानी लाना पड़ रहा है। करीब 3 घंटे विरोध प्रदर्शन तथा समझाईश के ग्रामीणों ने अपना विरोध प्रदर्शन वापस लिया। भाजपा देहात मंडल अध्यक्ष सांवरिया बैरागी ने बताया कि जल जीवन मिशन के अभियंताओं ने आगामी 5 मई से पूर्व खराब वाल्व हटाने, जलापूर्ति नियमित करने तथा अवैध कनेक्शन को काटने का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीण अपने विरोध प्रदर्शन से पीछे हटे। इस अवधि में मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतारे लग गई।




