एक की जगह अब मिलेंगे डेढ़ लाख रुपए
Deoli News 19 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राज्य सरकार ने लाडो प्रोत्साहन योजना की राशि को एक लाख रुपए से बढ़ाकर अब एक लाख 50 हजार रुपए कर दिया है। इस योजना का उद्देश्य गरीब परिवार की बालिकाओं के पालन-पोषण और शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है।
जिससे उनके भविष्य को सुरक्षित बनाया जा सके। योजना के तहत बालिका के जन्म पर एक लाख 50 हजार रुपए का संकल्प पत्र दिया जाएगा, जिसे 7 किस्तों में बालिका के माता-पिता या अभिभावक के बैंक खाते में ऑनलाइन हस्तांतरित किया जाएगा।
जन्म पर मिलेगी पहली किश्त
योजना की पहली किश्त 2500 रुपए बालिका के जन्म के समय दी जाएगी, जबकि इसके बाद की किश्तें बालिका की शिक्षा के विभिन्न चरणों में दी जाएगी।
पहली कक्षा में प्रवेश लेने पर 4 हजार रुपए, छठी कक्षा में प्रवेश लेने पर 5 हजार रुपए, 10वीं कक्षा में प्रवेश लेने पर 11 हजार रुपए और 12वीं कक्षा में प्रवेश लेने पर 25 हजार रुपए की किश्तें दी जाएगी। अंतिम किश्त एक लाख रुपए बालिका के स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण करने और 21 वर्ष की आयु पूरी करने पर दी जाएगी।
बालिका जन्म को प्रोत्साहित करना है उद्देश्य
योजना का उद्देश्य बालिका जन्म को प्रोत्साहित करना, बालिका शिशु मृत्यु दर में कमी लाना और बाल विवाह को रोकना है। इसके अलावा योजना के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने का प्रयास किया जाएगा। योजना का क्रियान्वयन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया जाएगा और जिला स्तर पर जिला कलक्टर द्वारा इसकी समीक्षा की जाएगी।
इस योजना के माध्यम से राज्य सरकार गरीब परिवार की बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने का प्रयास कर रही है। योजना का लाभ उठाकर बालिकाएं अपने सपनों को पूरा कर सकेंगी।


