Deoli News 17 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) प्रदेश के ऊर्जा एवं जिला प्रभारी मंत्री टोंक हीरालाल नागर ने जिला परिषद सभागार में विद्युत, पेयजल, चिकित्सा और मानसून के आगमन से पूर्व आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक ली। उन्होंने वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान पर बोले
प्रभारी मंत्री नागर ने सभी संबंधित अधिकारियों को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का जिले में प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस अभियान की प्रगति एवं आगामी कार्य योजना की समीक्षा कर अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। नागर ने प्राचीन जल संरचनाओं की साफ-सफाई एवं जीर्णोद्वार करने के साथ आमजन में पर्यावरण संरक्षण एवं जल संचयन की जन जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
विद्युत, पेयजल और चिकित्सा विभाग की समीक्षा
इसी प्रकार ऊर्जा मंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को जिले में सतत विद्युत आपूर्ति और विद्युत तंत्र का सुदृढीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए किसी कारण से विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर अधिकारी एवं कार्मिक उपभोक्ताओं के फोन रिसीव कर संतोषप्रद जवाब दें। उन्होंने चिकित्सा विभाग की समीक्षा के दौरान नासिरदा सीएचसी में चिकित्सक नहीं होने की जानकारी मिलने पर मौके पर ही चिकित्सा विभाग जयपुर के उच्चाधिकारियों से फोन पर बात कर चिकित्सक लगाने के निर्देश दिए।
मानसून की तैयारी रखे
नागर ने मानसून के दौरान जलदाय विभाग को विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल लाइनों में होने वाले लीकेज को शीघ्रता से सही करें और पूर्ण दबाव के साथ टेल तक पानी पहुंचाएं। अवैध कनेक्शन करने वालों पर एफआईआर दर्ज कराई जाए। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को नदी-नालों पर बनी रपट के दोनों ओर रेलिंग एवं जंजीर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, जिले के सभी बांधों, छोटे-बड़े तालाबों, नदी-नालों एवं रपटों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के लिए कहा। इस दौरान देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर, जिला प्रमुख सरोज बंसल समेत नेता व अधिकारी मौजूद थे।



