Deoli News 3 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पनवाड़ रोड।देवली स्थित मानव धर्म बहुदिव्यांगता विद्यालय में बुधवार को विश्व दिव्यांग दिवस का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था निदेशक रणवीर सिंह चौहान ने की।
विद्यालय प्राचार्य महेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस दौरान बहुदिव्यांगता विद्यालय में अध्ययनरत विशेष छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक एवं एकल नृत्य सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। संस्था निदेशक चौहान ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से दिव्यांग बच्चों का मनोबल बढ़ता है, वे समाज की मुख्य धारा से जुड़ते हैं, और दिव्यांगता के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर किया जा सकता है। उन्होंने दिव्यांग छात्रों के लिए रोजगार के अवसर मुहैया कराने के लिए सभी कर्मचारियों और प्रशिक्षणार्थियों को प्रेरित किया।

यहां डिप्लोमा प्रथम वर्ष की छात्राओं ने सरस्वती वंदना की तथा विशेष भाषण, कविता वाचन और सामूहिक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए गए। डिप्लोमा छात्र-छात्राओं ने नाटक के माध्यम से दिव्यांगता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। मूक-बधिर छात्रों द्वारा नाटक के माध्यम से स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। यहां संस्था के कार्यालय अधीक्षक गजेंद्र सिंह मीणा, लेखाकार सत्यनारायण सेन, छात्रावास अधीक्षक आशा शर्मा, महाविद्यालय प्राचार्य परमेश्वर कुमार मीणा सहित संस्था के सभी कार्मिक, विशेष शिक्षक और व्याख्याता उपस्थित थे।



