नकदी पार, वारदात में शामिल थे चार जने
Deoli News 1 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में बुधवार रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर नकदी व अन्य सामान चुरा लिया। इन वारदात का पता बीती रात पीड़ितों व्यापारियों को लग गया था। वहीं गुरुवार सुबह व्यापार महासंघ ने वारदातों पर नाराजगी जताते हुए इन पर रोक लगाने की पुलिस अधिकारियों से मांग की है।
दरअसल चोरों ने शहर के छतरी चौराहा स्थित राजेंद्र कुमार जिंदल की किराना स्टोर को निशाना बनाया। यहां 4 चोर 11 बजकर 23 मिनट के करीब दुकान पर आए तथा 11 बजकर 40 मिनट पर चले गए। चोरों ने सरिए से दुकान का शटर ऊंचा कर गल्ले में रखी करीब 25 से 30 हजार रुपए के नकदी तथा सोने का मांदलिया चुरा लिया। पीड़ित राजेंद्र जिंदल ने बताया कि यह सोने का मांदलिया किसी अन्य व्यक्ति का था, जो यहां पीड़ित के पास सुरक्षित रखकर गया था। वारदात का पता शहर निवासी एक व्यक्ति को लगा। दरअसल यह व्यक्ति होटल संचालक है, जो बुधवार रात अपने होटल से घर लौट रहे थे। इस दौरान उन्हें यहां छतरी पर राजेंद्र जिंदल की दुकान के बाहर एक व्यक्ति सरिया लिया हुआ दिखा। वह कुछ आगे बढ़े तो उन्हें शक हुआ। इस पर वह पटवा बाजार से आगे अपनी कार पार्किंग कर कर वापस पैदल लौटे तो चोर उन्हें देखकर भाग छूटे।
इससे पहले चोरों ने लक्ष्मी मार्केट स्थित बजरंग लाल रामनिवास की दुकान में भी चोरी का प्रयास किया। लेकिन यहां सेंट्रल लॉक होने की वजह से दुकान का ताला नहीं टूटा। चोरों ने लकड़ी की बल्ली से शटर ऊंचा करने का प्रयास किया। लेकिन अनुमान है कि जाग होने की वजह से चोर यहां से भाग छूटे। दोनों वारदात में शामिल चार जने की पुष्टि सीसीटीवी फुटेज में हुई है।
व्यापारियों ने जताई नाराजगी
गुरुवार सुबह चोरी की वारदात का पता लगने के बाद व्यापार महासंघ के पदाधिकारी व पीड़ित दुकानदार थाने पहुंचे। जहां उन्होंने वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि शहर में पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि चोरी की वारदातों पर अंकुश लग सके।
व्यापारियों ने थाना प्रभारी भंवरलाल व सहायक उपनिरीक्षक करण सिंह से मुलाकात कर अपनी बात रखी। इस दौरान महासंघ अध्यक्ष चांदमल जैन, रूपम जिंदल, पूर्व पालिका अध्यक्ष कैलाश सोनी समेत कई व्यापारी मौजूद थे। व्यापारियों ने थाने में कम चल रहे स्टाफ को बढ़ाने की भी मांग की है।


