चोरों की चहलकदमी बढ़ी, जो मिला, उठा ले जा रहे हैं बदमाश
Deoli News 2 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पिछले एक सप्ताह से तेज ठंड बढ़ने के साथ ही अब शहर में चोरों की चहलकदमी बढ़ने लगी है। हालत यह है कि चोरों को जो मिल रहा है। वही उठा ले जा रहे हैं। हालांकि सभी चोरियां छोटी-मोटी होने की वजह से परिवादियों ने थाने में रिपोर्ट नहीं दी।
लिहाजा देवली पुलिस को इन वारदातों की जानकारी नहीं हो सकती है। गौरतलब है कि अब तक करीब आधा दर्जन चोरियां हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक अज्ञात चोर शहर की विवेकानंद कॉलोनी में आयुर्वेद हॉस्पिटल के पास स्थित अनाज के व्यापारी गोविंद बाकलीवाल की दुकान से गत शनिवार सुबह 9 से 10 बजे के बीच कर मौका पाकर 10 किलो तिल का कट्टा और 60 किलो गेहूं का कट्टा उठा ले गए। इस दरमियान व्यापारी गोविंद थोड़ी देर के लिए इधर-उधर हुए थे। इसी तरह तहसील वाली गली में व्यापारी निहालचंद जैन के घर के बाहर पड़ा लोहे का गेट चुराकर ले गए। वारदात का पता सुबह लगा।
इसके अलावा चोर इस हद तक आ गए कि सरकारी बोरिंगो का बिजली का तार काटकर भी वारदात करने लगे हैं। जानकारी के अनुसार देवली में विवेकानंद कॉलोनी वार्ड नं 17 तहसील के पास गत 2 दिन पूर्व चोरों ने बोरिंग का तार काट लिया। इसी प्रकार एजेंसी एरिया शीतला माता मंदिर के समीप एवं गणेश रोड घोसी मोहल्ला में लगी सरकारी बोरिंग का भी चोर तार काटकर ले गए। लिहाजा देवली पुलिस को रात के वक्त गश्त बढ़ानी होगी। वही आमजन को भी केवल पुलिस के भरोसे ने रहकर सतर्कता बरतनी होगी। घर के बाहर रखे सामान भीतर रखने होंगे। वही मकान को सूना छोड़ने से बचना होगा।



