घर में सो रहा था बालक, काल बनकर आया सांप
Deoli News 23 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नासिरदा कस्बे में गुरुवार देर रात सांप के काटने से एक चार वर्षीय मासूम बालक की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार नासिरदा निवासी अनिल नागर का 4 वर्षीय पुत्र प्रिंस घर मे चारपाई पर सो रहा था।
रात को करीब डेढ़ बजे प्रिंस की अंगुली व गर्दन पर सांप ने काट लिया। सर्प के काटते ही प्रिंस जोर से रोने लगा। परिजन बालक प्रिंस धाकड़ को परिजन तत्काल राजकीय चिकित्सालय देवली लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान परिजन सांप को भी चिकित्सालय लेकर गए। परिजनों ने मृत प्रिंस का पोस्टमार्टम करवाने व रिपोर्ट लिखवाने से इनकार कर दिया। प्रिंस की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि बालक प्रिंस नासिरदा से रवाना होने के बाद नेगडिया पुलिया तक बातचीत करते आ रहा था। इसके बाद उसकी तबीयत खराब हुई। वही देवली चिकित्सालय में जांच किए जाने के बाद प्रिंस को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि नासिरदा अस्पताल में चिकित्सक व स्टाफ नहीं है। इस वजह से परिजन सीधे देवली अस्पताल के लिए लेकर रवाना हो गए।
नतीजन देरी होने से उन्होंने अपने 4 वर्षीय बालक को खो दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि नासिरदा अस्पताल में सभी व्यवस्था होती तो उन्हें समय पर उपचार मिल जाता।


