Deoli News 6 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाने के उद्देश्य से तैयारी को लेकर मंगलवार शाम पालिका सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त सुबह 9 बजे अटल उद्यान में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित होगा।
यहां मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी ध्वजारोहण करेंगी। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष करेंगे। बैठक में शामिल अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जिनमें मुख्य रूप से सुरक्षा व्यवस्था, मंच सज्जा, साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, स्कूलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति, पुरस्कार वितरण, प्रतिभा सम्मान और स्वास्थ्य शामिल हैं। पूर्वाभ्यास 6 से 14 अगस्त के बीच प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
बैठक में नगर पालिका, पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, पीडब्ल्यूडी, पीएचईडी आदि विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी को समय पर और समन्वयपूर्वक कार्य संपन्न करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपखंड अधिकारी रूबी अंसार, देवली डीएसपी रामसिंह, पालिका उपाध्यक्ष सौरभ जिंदल, अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार मीणा, थाना प्रभारी दौलतराम गुर्जर, तहसीलदार वीरेंद्र सिंह शक्तावत, पार्षद भीमराज जैन, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीएल जांगिड़ समेत जनप्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद थे।



