Deoli News 19 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) यहां समीप के हनुमान नगर थाने में रह चुके हेडकांस्टेबल रामकेदार मीणा मंगलवार सुबह मृत पाए गए। मौत की वजह रामकेदार द्वारा पंखे के फंदे से झूलना बताया गया।
जानकारी के अनुसार मृतक रामकेदार वर्तमान में गुलाबपुरा थाने में कार्यरत थे। जिन्होंने अज्ञात कारणों के चलते पुलिस थाने में बने क्वार्टर में ही पंखे से झूलकर अपनी जान दे दी। सुबह दरवाजा नहीं खोलने व फोन नहीं अटेंड करने पर सहयोगी पुलिसकर्मियों को शंका हुई तथा दरवाजा तोड़कर देखा तो रामकेदार पंखे से लटकता हुआ नजर आया। घटना की सूचना से पुलिस महकमें में शोक की लहर दौड़ पड़ी। साथी पुलिसकर्मी उक्त घटना से स्तब्ध है। सूचना पर भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक समेत अधिकारी गुलाबपुरा स्थित चिकित्सालय की मोर्चरी में पहुंचे तथा जानकारी ली। वही रामकेदार मीणा के भी कई परिचित लोगों की भीड़ जमा हो गई। गौरतलब है कि हेडकांस्टेबल रामकेदार मीणा देवली से सटे हनुमान नगर थाने में रह चुके हैं। रामकेदार अलवर जिले के रैणी गांव के निवासी है। जबकि पत्नी व बच्चे दौसा जिले के बांदीकुई में रहते हैं।

फोन नहीं उठाया तो हुई शंका
दरअसल सुबह उठने पर पुलिसकर्मियों ने रामकेदार को फोन किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं सुबह होने पर भी मीणा नहीं उठे। इस पर साथी पुलिसकर्मियों को शंका हुई। इसके बाद गेट नहीं खोलने पर खिड़की से देखा गया तो रामकेदार फंदे से झूलता पाया गया। जानकारी के अनुसार रामकेदार सोमवार शाम थाने में हुई रोल कॉल में शामिल हुए थे। साथ काम कर चुके पुलिसकर्मियों ने बताया कि रामकेदार बेहद खुश मिजाज व हंसमुख स्वभाव के थे। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।


