Jahazpur News 18 जून(मोहम्मद आज़ाद नेब) नेशनल हाईवे पर धौड़ चौराहे के समीप गुरुवार को सड़क किनारे एक व्यक्ति गंभीर घायल अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल को उपचार के लिए जहाजपुर के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
वहीं जहाजपुर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मौका पर्चा बनाते हुए घायल के परिजनों से घटना की जानकारी ली। थाने के एएसआई नज्मू खान ने बताया कि सोराज (53) पुत्र रघुनाथ मीणा निवासी नाथूण (बरड़ा) को गंभीर घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल के पुत्र नवीन मीणा ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात बड़े वाहन ने उसके पिता को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल होकर सड़क किनारे पड़े मिले। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं घायल का अस्पताल में उपचार जारी है।



