जिला प्रभारी सचिव का दौरा
Deoli News 29 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक जिले के दौरे पर आए प्रभारी सचिव प्रकाशचन्द्र शर्मा दूसरे दिन बुधवार देवली पहुंचे। यहां उन्होंने राजकीय चिकित्सालय परिसर का निरीक्षण किया।
सूचना जनसंपर्क अधिकारी टोंक के मुताबिक शर्मा ने देवली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। यहां भर्ती रोगियों से मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं का फीडबैक लिया। वहीं चिकित्सा प्रभारी राजकुमार गुप्ता से हीट वेव व मौसम में बीमारियों से संबंधित स्थिति व व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने वार्ड में जाकर साफ सफाई, कूलर, एसी, पंखों की स्थिति देखी तथा रोगियों की सुविधा के मद्देनजर संसाधन जुटाना को कहा। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर बीसलपुर हरिताभ आदित्य, उपखंड अधिकारी देवली दुर्गा प्रसाद मीणा, तहसीलदार वीरेंद्र सिंह शक्तावत, खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी जगदीश मीणा समेत अधिकारी व चिकित्सक मौजूद थे।
एसी, कूलर के टेंडर जारी
उधर, राजकीय चिकित्सालय प्रबंधन ने गर्मी को देखते हुए 15 एसी व कूलर के टेंडर जारी किए है। चिकित्सा अधिकारी प्रभारी राजकुमार गुप्ता ने बताया कि सोमवार को टोंक सीएमएचओ की बैठक में भेजे गए प्रस्ताव पारित किए गए। इस दौरान हुई एमआरएस की मीटिंग में टेंडर भी जारी किए गए। उन्होंने बताया कि 5 जून तक टेंडर की अवधि है। इसी महीने तक जरूरत के अनुसार 15 एसी खरीदे जाएंगे तथा वार्डों में एसी लगाए जाएंगे। वहीं यदि जिन वार्डों से कूलर हटाए जाएंगे तो नए कूलर के खरीद कम कर दी जाएगी। प्रभारी ने बताया कि हाल ही में 15 कूलर खरीदे गए हैं। जिनमें पांच कूलर वार्ड में तथा ओपीडी में लगाए गए हैं।



